मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों को नव वर्ष 2026 की दी शुभकामनाएं, विकास और आत्मनिर्भरता का लिया संकल्प

शिमला 31 दिसम्बर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों को नव वर्ष 2026 की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। नव वर्ष के अवसर पर अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कामना की कि नया साल प्रदेश की जनता के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और अपार खुशियां लेकर आए तथा यह वर्ष नई आशाओं, नए संकल्पों और नई ऊर्जा का संचार करे।मुख्यमंत्री ने कहा कि बीता वर्ष प्रदेश के लिए कई चुनौतियों से भरा रहा। प्राकृतिक आपदाओं और कठिन परिस्थितियों के बावजूद हिमाचल की जनता ने सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर चुनौती का डटकर सामना किया। उन्होंने प्रदेशवासियों के सहयोग और धैर्य की सराहना करते हुए कहा कि जनता की सहभागिता ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है।श्री सुक्खू ने बताया कि वर्ष 2025 प्रदेश के लिए विकास और उपलब्धियों का महत्वपूर्ण वर्ष रहा। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सरकार ने कई नई पहलें कीं, जिनसे प्रदेश को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की “चिट्टा मुक्त हिमाचल” मुहिम को जनता का व्यापक समर्थन मिला है, जो समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। भविष्य में भी सरकार प्रदेश और जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी।मुख्यमंत्री ने पर्यटन क्षेत्र में शुरू की गई नई पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवल, शिमला विंटर कार्निवल और डलहौजी विंटर फेस्ट जैसे आयोजनों से नव वर्ष के अवसर पर पर्यटन को नई पहचान मिली है। इन आयोजनों से शिमला, चंबा और धर्मशाला जैसे क्षेत्रों में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिला है।अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे नव वर्ष 2026 में प्रदेश को स्वच्छ, स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनाने का सामूहिक संकल्प लें। उन्होंने विश्वास जताया कि यह नया वर्ष सभी के जीवन में खुशहाली और उन्नति लेकर आएगा।