डलहौज़ी में ईमानदारी की मिसाल, सेवा निवृत्त शिक्षक विकास कुमार ने लौटाया पर्यटकों का खोया पर्स

डलहौज़ी में ईमानदारी की मिसाल, सेवा निवृत्त शिक्षक विकास कुमार ने लौटाया पर्यटकों का खोया पर्स

डलहौजी/चम्बा 01 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौज़ी के सदर बाजार निवासी सेवा निवृत्त केंद्रीय मुख्य शिक्षक विकास कुमार, जिन्हें स्थानीय लोग प्यार से “विक्की” कहकर बुलाते हैं, ने ईमानदारी की एक अनुकरणीय मिसाल पेश करते हुए पंजाब से आए पर्यटकों का दिल जीत लिया। नए साल के अवसर पर हुई इस घटना की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात नए साल के उपलक्ष्य में सुभाष चौक पर पंजाब के जिला तरनतारन से आए पर्यटक जश्न मना रहे थे। इसी दौरान उनका पर्स कहीं गिर गया, जिसमें 12 से 15 महत्वपूर्ण कार्ड, कुछ नकदी और अन्य दस्तावेज मौजूद थे। पर्स गुम होने का पता चलने पर पर्यटकों को अपने सभी कार्ड तत्काल ब्लॉक करवाने पड़े, जिससे वे काफी परेशान हो गए।इसी बीच, आज सुबह जब विकास कुमार अपनी नियमित सुबह की सैर के लिए निकले, तो उन्हें सुभाष चौक के पास एक पर्स मिला। पर्स की जांच करने पर उसमें एक ब्लैंक चेक भी मौजूद था। विकास कुमार ने बिना देर किए ईमानदारी का परिचय देते हुए उसी चेक में उपलब्ध जानकारी के सहारे पर्स के असली मालिक का पता लगाने का प्रयास किया। कुछ प्रयासों के बाद उन्होंने पर्यटकों से संपर्क स्थापित कर लिया और पर्स उन्हें सुरक्षित रूप से लौटा दिया।अपना खोया पर्स वापस पाकर पर्यटक बेहद खुश हुए। उन्होंने विकास कुमार का दिल से आभार व्यक्त किया और खुशी-खुशी उन्हें स्नेह स्वरूप एक छोटी सी भेंट भी दी। पर्यटकों ने कहा कि इस तरह की ईमानदारी आज के समय में दुर्लभ है और इससे डलहौज़ी की सकारात्मक छवि और मजबूत होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!