मुख्यमंत्री के खुशनगरी दौरे से विकास की उम्मीदें बढ़ीं, दिलदार अली बट्ट की सक्रियता को मिला बल

तीसा/चंबा 06 चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के चुराह विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत खुशनगरी में प्रदेश हज कमेटी के चेयरमैन दिलदार अली बट्ट के निवास पर पहुंचने से क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री के दौरे को पंचायत की लंबित मांगों और दिलदार अली बट्ट की राजनीतिक सक्रियता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।बुधवार देर शाम खुशनगरी पहुंचे मुख्यमंत्री का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। सर्द मौसम के बावजूद सैकड़ों ग्रामीण उनकी एक झलक पाने और अपनी समस्याएं रखने के लिए मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से संवाद कर क्षेत्र की विकासात्मक जरूरतों की जानकारी ली।प्रदेश हज कमेटी के चेयरमैन दिलदार अली बट्ट ने मुख्यमंत्री के समक्ष सकलोगा-1, सकलोगा-2 और इलवास गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके अलावा नकरोड़ में उपतहसील कार्यालय खोलने तथा खुशनगरी पंचायत में स्वीकृत मॉडल स्कूल भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने का आग्रह किया गया। दिलदार अली बट्ट ने युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए पंचायत में आधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल मैदान अथवा स्टेडियम बनाने की मांग भी रखी। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।गौरतलब है कि दिलदार अली बट्ट लंबे समय से चुराह क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, खेल और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के मुद्दे सरकार के समक्ष उठाते रहे हैं। मुख्यमंत्री के दौरे से स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इन मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई होगी।इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता वजीर मोहम्मद, परवेज अली बट्ट, बीडीसी चेयरमैन चैन लाल, पंचायत प्रधान हारून बट्ट, उपप्रधान असलम खान, बीडीसी सदस्य गीता देवी सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।