चम्बा-तीसा मार्ग चरस तस्करी मामला: सास ने दामाद व रिश्तेदारों पर रची साजिश का लगाया आरोप, डीसी से की निष्पक्ष जांच की मांग

चम्बा-तीसा मार्ग चरस तस्करी मामला: सास ने दामाद व रिश्तेदारों पर रची साजिश का लगाया आरोप, डीसी से की निष्पक्ष जांच की मांग

चम्बा 03 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

चम्बा-तीसा मार्ग पर हाल ही में एक महिला से 1 किलो 402 ग्राम चरस की बरामदगी के मामले ने अब एक नया और चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। इस प्रकरण में आरोपी महिला की सास ने अपने दामाद और उसके रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले को साजिश करार दिया है। सास का कहना है कि उनकी बेटी को उसके ही ससुराल पक्ष ने आपसी रंजिश और निजी कारणों के चलते झूठे नशा तस्करी के मामले में फंसाया है।आरोपी महिला की मां और उसका सगा भाई जिला उपायुक्त (डीसी) चम्बा से मिले और उन्हें इस संबंध में एक लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत में उन्होंने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

पीड़ित परिवार का दावा है कि उनकी बेटी पूरी तरह निर्दोष है और उसका नशे या नशा तस्करी से किसी भी प्रकार का कोई लेना-देना नहीं है।युवती की मां ने आरोप लगाया कि इस कथित साजिश के पीछे उसका दामाद अयूब, उसका जीजा और उनके अन्य भाई शामिल हैं। परिवार का कहना है कि ससुराल पक्ष ने जानबूझकर युवती को बदनाम करने और परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के उद्देश्य से यह पूरा षड्यंत्र रचा। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि युवती को फंसाकर न केवल उसका सामाजिक सम्मान खराब किया गया, बल्कि पूरे परिवार को भी परेशानी में डाला गया है।परिजनों का कहना है कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए तो सच्चाई स्वयं उजागर हो जाएगी और असली दोषियों का नाम सामने आएगा।

उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि निर्दोष युवती को जल्द न्याय दिलाया जाए और साजिश रचने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना यह होगा कि प्रशासन इन गंभीर आरोपों को कितनी गंभीरता से लेता है और जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!