माता चौंकी वाली मंदिर सुदली में श्रद्धा और आस्था के साथ भव्य भंडारे का आयोजन

डलहौजी़/चम्बा 05 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
बीते कल रविवार को माता चौंकी वाली मंदिर सुदली में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य भंडारे का आयोजन श्रद्धा और आस्था के साथ किया गया। इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह देखने को मिला। बीते कल सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की चहल-पहल शुरू हो गई थी। दूर-दराज और आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु माता के दरबार में माथा टेकने और आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचे।सुबह विधिवत रूप से हवन-पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूर्णाहुति दी गई।

हवन की पूर्णाहुति के उपरांत माता को भोग अर्पित किया गया, जिसके बाद भंडारे का शुभारंभ हुआ। भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद स्वरूप भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई थी, जिसमें सभी ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया।मंदिर कमेटी के अध्यक्ष ने इस आयोजन को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि यह भंडारा हर वर्ष मंदिर कमेटी के सदस्यों, गांववासियों और माता के श्रद्धालुओं के सहयोग से आयोजित किया जाता है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना और माता के प्रति श्रद्धा भाव को मजबूत करना है। आयोजन में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ-साथ भंडारे की परंपरा वर्षों से निभाई जा रही है।उन्होंने यह भी बताया कि इस भंडारे में आसपास के तमाम क्षेत्रों के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं और माता के दरबार में हाजिरी लगाकर मां का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। आयोजन के दौरान मंदिर में भक्ति का माहौल बना रहा और माता के जयकारों और भजनों से वातावरण भक्तिमय रहा।
