जिला मुख्यालय चम्बा में पार्किंग समस्या के समाधान की दिशा में पहल, विधायक नीरज नैय्यर ने किया नए पार्किंग स्थल का निरीक्षण

जिला मुख्यालय चम्बा में पार्किंग समस्या के समाधान की दिशा में पहल, विधायक नीरज नैय्यर ने किया नए पार्किंग स्थल का निरीक्षण

चम्बा 05 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला मुख्यालय चम्बा में दिन-प्रतिदिन विकराल होती जा रही पार्किंग समस्या को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने गंभीरता दिखानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में आज चम्बा सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श. नीरज नैय्यर की अगुवाई में प्रस्तावित नए पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उपायुक्त चम्बा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) चम्बा, एसडीओ चम्बा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान विधायक नीरज नैय्यर ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर पार्किंग स्थल की संभावनाओं, उपलब्ध स्थान, क्षमता और भविष्य की जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग स्थल का निर्माण इस प्रकार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक वाहनों को सुविधा मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। साथ ही, निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया गया।गौरतलब है कि बीते लंबे समय से चम्बा शहर के लोग पार्किंग की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। संकरी सड़कों और सीमित पार्किंग व्यवस्था के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।

इसका असर न केवल आम नागरिकों पर पड़ रहा है, बल्कि पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन और स्थानीय पर्यटन विभाग भी इस समस्या से प्रभावित हो रहे हैं। पर्यटन सीजन के दौरान बाहर से आने वाले पर्यटकों के वाहनों के कारण स्थिति और भी जटिल हो जाती है।विधायक नीरज नैय्यर ने कहा कि चम्बा एक ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला है, ऐसे में यहां पार्किंग की समुचित व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पार्किंग समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार और प्रशासन मिलकर ठोस कदम उठाएंगे। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही चम्बा को पार्किंग की समस्या से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!