धर्मशाला में गृह रक्षा नौवीं वाहिनी कांगड़ा की जिला कार्यकारिणी गठित, मदनलाल बने जिला अध्यक्ष

कांगड़ा/धर्मशाला 05 जनवरी चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
धर्मशाला में रविवार को गृह रक्षा नौवीं वाहिनी कांगड़ा की जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश गृह रक्षक कल्याण संघ के राज्य अध्यक्ष जोगिंदर सिंह चौहडिया ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त बनाना तथा गृह रक्षक जवानों के हितों की रक्षा के लिए एक मजबूत जिला इकाई का गठन करना रहा।बैठक के दौरान सर्वसम्मति से नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें मदनलाल को जिला अध्यक्ष, विनोद कुमार को महासचिव, संजीव सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, शिवानी को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं सुरेंद्र कुमार और दीप कुमार को सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि विजय कुमार और संजीव कटोच को कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। सभी पदाधिकारियों के चयन पर उपस्थित सदस्यों ने संतोष व्यक्त किया और नवगठित टीम को शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर राज्य अध्यक्ष जोगिंदर सिंह चौहडिया ने कहा कि प्रदेश में लगभग हर कर्मचारी वर्ग का भविष्य आज सुरक्षित नजर आता है, लेकिन आजादी से पूर्व अस्तित्व में आए होमगार्ड जवानों का भविष्य आज भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि जिला कार्यकारिणी के गठन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के हजारों होमगार्ड परिवारों को एकजुट करना और उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाना है।जोगिंदर सिंह चौहडिया ने बताया कि माननीय न्यायालय के सहयोग से होमगार्ड जवानों को कई महत्वपूर्ण अधिकार दिलाने में सफलता मिली है। इसके साथ ही शेष लंबित अधिकारों को प्राप्त करने के लिए भी न्यायालय में संघर्ष जारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठित प्रयासों और एकजुटता के माध्यम से आने वाले समय में होमगार्ड जवानों के हित में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।बैठक के अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और होमगार्ड जवानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने का संकल्प लिया।