मार्च के द्वितीय सप्ताह में चंबा में होगा जिला स्तरीय साहित्य उत्सव, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल

चम्बा 05 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला मुख्यालय चंबा में मार्च माह के द्वितीय सप्ताह के दौरान एक भव्य साहित्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने साहित्य उत्सव के आयोजन को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि इस साहित्य उत्सव में न केवल हिमाचल प्रदेश से, बल्कि प्रदेश के बाहर से भी वरिष्ठ एवं नवोदित साहित्यकार, लेखक, कवि, शोधार्थी तथा विद्यार्थी भाग लेंगे।उपायुक्त ने कहा कि इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य साहित्य, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहन देना है। उन्होंने बताया कि उत्सव के दौरान साहित्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर परिचर्चाएं, संवाद सत्र, काव्य पाठ तथा रचनात्मक विमर्श आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही पुस्तक प्रदर्शनी और हस्तशिल्प कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को अपने हुनर को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।साहित्य उत्सव को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए लोकगीत, लोकनृत्य, ग़ज़ल संध्या तथा नाट्य प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन को सफल बनाने के लिए साहित्य एवं कला क्षेत्र से जुड़ी स्थानीय गैर-सरकारी संस्थाओं का भी सक्रिय सहयोग लिया जाए।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आयोजन की तैयारियों को समयबद्ध, सुव्यवस्थित और आपसी समन्वय के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि यह साहित्य उत्सव साहित्यकारों के लिए एक सशक्त मंच साबित होगा, वहीं विद्यार्थियों और युवाओं को साहित्य, लेखन और रचनात्मक सोच से जुड़ने की प्रेरणा भी देगा।बैठक के दौरान आयोजन स्थल, अतिथियों के आमंत्रण, आवास व्यवस्था, यातायात, मंच व्यवस्था तथा प्रचार-प्रसार से संबंधित विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा, सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा, जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा, सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. विद्यासागर शर्मा, परियोजना अर्थशास्त्री जिला विकास कार्यालय विनोद कुमार, प्राचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंबा राकेश राठौर तथा सहायक आचार्य डॉ. प्रशांत रमन रवि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।