खैरी क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई, अवैध शराब के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार

खैरी क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई, अवैध शराब के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार

खैरी/डलहौजी 06 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिले के खैरी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान के तहत एक अहम कार्रवाई को अंजाम दिया है। नियमित गश्त और यातायात जांच के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध रूप से देशी शराब ले जाते हुए गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई बीते कल 5 जनवरी शाम करीब साढ़े छः बजे की गई, जब पुलिस दल चौहड़ा, ब्रंगाल और आसपास के क्षेत्रों में पेट्रोलिंग व ट्रैफिक चेकिंग ड्यूटी पर तैनात था।जानकारी के अनुसार, पुलिस दल खजुरा से खैरी की ओर सरकारी वाहन में गश्त कर रहा था। इसी दौरान खजुरा गांव से लगभग 400 मीटर आगे एक व्यक्ति खैरी से खजुरा की ओर पैदल आता हुआ दिखाई दिया। उसके हाथ में एक सफेद रंग का प्लास्टिक बैग था। जैसे ही उस व्यक्ति की नजर पुलिस वाहन पर पड़ी, वह अचानक मुड़कर वापस जाने लगा। उसके इस असामान्य और संदिग्ध व्यवहार ने पुलिस का ध्यान आकर्षित किया और शक पैदा हुआ कि वह किसी अवैध वस्तु को लेकर जा रहा है।संदेह के आधार पर पुलिस ने तुरंत वाहन रोककर संबंधित व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान जब उससे बैग में रखे सामान के बारे में जानकारी मांगी गई, तो उसने स्वयं स्वीकार किया कि बैग में शराब है। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार मौके पर ही बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान “ऊना नंबर-1” ब्रांड की देशी शराब की कुल सात बोतलें बरामद की गईं, जिनमें से प्रत्येक बोतल 750 मिलीलीटर की थी।पुलिस ने तुरंत शराब को कब्जे में लेते हुए संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे मौके पर ही जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले की विस्तृत जांच पुलिस थाना खैरी के अन्वेषण अधिकारी एएसआई अर्जुन सिंह द्वारा की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब कहां से लाई गई थी और क्या आरोपी अवैध शराब के कारोबार में पहले से शामिल रहा है पुलिस अधीक्षक सकलानी ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब, नशे और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास अवैध शराब की बिक्री, तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!