विधायक नीरज नैयर ने सिंगी पंचायत में सड़कों व जल परियोजनाओं का किया लोकार्पण और भूमिपूजन

विधायक नीरज नैयर ने सिंगी पंचायत में सड़कों व जल परियोजनाओं का किया लोकार्पण और भूमिपूजन

चम्बा 08 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज नैयर ने बीते कल ग्राम पंचायत सिंगी में विकास कार्यों की सौगात देते हुए दड़ोगा से मिल्हा को जोड़ने वाली लगभग दो किलोमीटर लंबी जीप योग्य सड़क का विधिवत लोकार्पण किया। विधायक ने बताया कि यह सड़क पिछड़ा क्षेत्र उप-योजना के अंतर्गत करीब 57 लाख रुपये की लागत से निर्मित की गई है। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में संपर्क मार्गों की अहम भूमिका होती है, क्योंकि सड़कें ही गांवों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जोड़ती हैं।विधायक नीरज नैयर ने कहा कि चंबा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को सड़क नेटवर्क से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने जानकारी दी कि बीते तीन वर्षों में वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) से जुड़े रिकॉर्ड मामलों का निपटारा किया गया है, जिससे संपर्क सड़कों के निर्माण कार्यों में तेजी आई है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि दड़ोगा–मिल्हा संपर्क मार्ग को आगे सिंगी तक विस्तारित किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को और बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान विधायक ने लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता को निर्देश दिए कि गांव पंजियार को लिंक रोड फतेहपुर से जोड़ने के लिए पंचायत के साथ समन्वय कर शीघ्र प्राक्कलन तैयार किया जाए। इससे क्षेत्र के लोगों को सड़क सुविधा का लाभ मिल सकेगा। इससे पूर्व विधायक ने फतेहपुर से सुहगला को जोड़ने वाली एक किलोमीटर लंबी जीप योग्य सड़क का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण पर 24 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी, जिससे लगभग दस गांवों को सीधा लाभ पहुंचेगा।

इसके अतिरिक्त विधायक नीरज नैयर ने ग्राम पंचायत सिंगी के गांव समुई में 35 हजार लीटर क्षमता वाले जल टैंक का उद्घाटन किया, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं तथा फतेहपुर और मिल्हा गांव में एलपीजी वितरण वाहन नियमित रूप से भेजने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए। साथ ही फतेहपुर में 25 केवीए ट्रांसफार्मर शीघ्र स्थापित करने का आश्वासन दिया।विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में पेयजल, शिक्षा, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत सिंगी की प्रधान मीना देवी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग जोगिंदर शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग जितेंद्र शर्मा, सहायक अभियंता कनाव सहित आसपास की पंचायतों के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!