अधूरा सड़क निर्माण कार्य बना लोगों की परेशानी, पद्दर चौक के पास नालियां बंद होने से मुख्य मार्ग पर फैला गंदा पानी

डलहौजी/ चम्बा 13 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
नगर पंचायत बनीखेत के अंतर्गत मुख्य बाजार बनीखेत से खेरी पुल वाया पद्दर बाजार मुख्य मार्ग पर चल रहा निर्माण कार्य अधूरा पड़े रहने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह कार्य एनएचपीसी बनीखेत और नगर पंचायत बनीखेत के आपसी सहयोग से करवाया जा रहा था, लेकिन किसी कारणवश अब तक पूरा नहीं हो पाया है। अधूरे कार्य के कारण पद्दर चौक के समीप नालियों और मालवे की स्थिति बेहद खराब हो गई है, जिससे नालियां पूरी तरह से बंद हो चुकी हैं।नालियों के बंद होने से आसपास के घरों, ढाबों और दुकानों का गंदा पानी मुख्य मार्ग पर बह रहा है।

इसके चलते सड़क पर कीचड़ फैल गया है और लगातार गंदगी जमा होने से दुर्गंध भी उठने लगी है। राहगीरों को यहां से गुजरने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं दोपहिया और पैदल चलने वालों के लिए यह मार्ग और भी जोखिम भरा हो गया है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। पद्दर चौक के आसपास रहने वाले लोगों ने गंदे पानी और बदबू को लेकर कड़ा एतराज जताया है। उनका कहना है कि इस स्थिति से न केवल आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा होने का भी खतरा बढ़ सकता है।

पद्दरवासियों ने एनएचपीसी क्षेत्रीय कार्यालय बनीखेत, नगर पंचायत बनीखेत और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि अधूरे निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करवाया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में हालात और भी बिगड़ सकते हैं। स्थानीय जनता ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने और नालियों की समुचित सफाई सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और आवागमन सुचारू हो