जनजातिय क्षेत्र भरमौर की श्रेया शर्मा ने 1500 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय स्तर पर जीता ब्रॉन्ज मेडल, क्षेत्र का नाम किया रोशन

जनजातीय क्षेत्र भरमौर की श्रेया शर्मा ने 1500 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय स्तर पर जीता ब्रॉन्ज मेडल, क्षेत्र का नाम किया रोशन

भरमौर/ चम्बा 13 जनवरी मुकेश कुमार ( गोल्डी)

भरमौर उपमंडल की ग्राम पंचायत सैहली की होनहार बेटी श्रेया शर्मा उर्फ प्रिशा ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। नई दिल्ली में डीएवी (DAV) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में श्रेया शर्मा ने 1500 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर न केवल अपने विद्यालय और परिवार, बल्कि पूरे भरमौर क्षेत्र व हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है।इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के 17 राज्यों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच श्रेया ने हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और पदक अपने नाम किया। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के उभरते खेल सितारों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

श्रेया शर्मा मूल रूप से ग्राम पंचायत सैहली के लूणापुल गांव की रहने वाली हैं और वर्तमान में डीएवी स्कूल चंबा में प्लस टू की छात्रा हैं। खेलों के प्रति उनकी लगन और नियमित अभ्यास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है।श्रेया के पिता देवेंद्र शर्मा उर्फ संजू पेशे से दुकानदार हैं, जबकि माता एक गृहिणी हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाली श्रेया की यह उपलब्धि यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है।उनकी इस सफलता पर पूरे भरमौर क्षेत्र में खुशी की लहर है। क्षेत्रवासियों, शिक्षकों, खेल प्रेमियों और जनप्रतिनिधियों ने श्रेया शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों को उम्मीद है कि श्रेया आगे भी इसी तरह प्रदेश और देश का नाम रोशन करती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!