राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शेरपुर के विद्यार्थियों का बट्ट आईटीआई व नर्सिंग कॉलेज का शैक्षणिक भ्रमण

डलहौजी/चम्बा 16 जनवरी मुकेश कुमार ( गोल्डी)
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शेरपुर के वोकेशनल कोर्स के विद्यार्थियों ने वीरवार व शुक्रवार को विद्यालय की अध्यापिका मालती देवी तथा अध्यापक शिवम महाजन के नेतृत्व में बट्ट आईटीआई एवं बट्ट नर्सिंग कॉलेज, बोंखरी मोड़ (बनीखेत) का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावसायिक एवं तकनीकी शिक्षा की व्यवहारिक जानकारी प्रदान करना रहा, ताकि वे भविष्य में अपने कैरियर को लेकर सही निर्णय ले सकें।शैक्षणिक भ्रमण के दौरान बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने विद्यार्थियों व अध्यापकों का स्वागत किया। उन्होंने संस्थान की कार्यप्रणाली, संचालित पाठ्यक्रमों तथा उपलब्ध शैक्षणिक एवं तकनीकी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बट्ट आईटीआई में प्रशिक्षुओं को गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है, जिसके लिए आधुनिक प्रयोगशालाएं, उच्च श्रेणी के उपकरण तथा अत्याधुनिक मशीनरी उपलब्ध करवाई गई है।भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने बट्ट आईटीआई की विभिन्न प्रयोगशालाओं, कार्यशालाओं एवं पुस्तकालय का अवलोकन किया। उन्होंने यहां उपलब्ध तकनीकी संसाधनों, शिक्षण सामग्री और पुस्तकों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने संस्थान के फ्रंट ऑफिस का भी दौरा किया, जहां उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था एवं दैनिक कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। आईटीआई की प्रयोगशालाओं में विद्यार्थियों को उनके विषयों से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण की जानकारी भी दी गई, जिससे उन्हें तकनीकी शिक्षा की वास्तविक समझ विकसित हुई।विद्यालय के साथ आए अध्यापकों ने संस्थान में प्रशिक्षुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि जमा दो कक्षा के उपरांत कैरियर के विभिन्न विकल्पों को समझने में ऐसे भ्रमण अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।इस अवसर पर बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के स्टाफ सदस्यों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान किया और उन्हें भविष्य की संभावनाओं से अवगत करवाया। विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताते हुए संतोष व्यक्त किया।