ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति में तेजी लाएं अधिकारी, गुणवत्ता से न हो समझौता :- अमित मैहरा
एडीसी ने खंड विकास अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था प्रभावी बनाने के दिए निर्देश

चंबा 07 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत चल रहे विकासात्मक कार्यों की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।अतिरिक्त उपायुक्त शनिवार को ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत जिले की ग्राम पंचायतों में कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए खंड विकास अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को पंचायत स्तर पर चल रहे विकासात्मक कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा की गई। एडीसी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अर्ध-शहरी (सेमी अर्बन) क्षेत्रों की पहचान कर निर्धारित समय सीमा के भीतर घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था लागू करने को कहा।

उन्होंने गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग पृथक्करण, कचरा संग्रहण एवं निस्तारण का नियमित रिकॉर्ड रखने तथा पंचायतवार अद्यतन आंकड़े संधारित करने के निर्देश भी दिए।इसके अतिरिक्त बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) तथा विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत संचालित कार्यों और विभिन्न मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।अमित मैहरा ने अधिकारियों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।बैठक में खंड विकास अधिकारी भरमौर, पांगी, भटियात और सलूणी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी तिवेन्द्र चिनोरिया, खंड विकास अधिकारी महेश ठाकुर, डॉ. बशीर खान, गोपाल सिंह तथा जिला विकास कार्यालय के अर्थशास्त्री विनोद कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।