चमेरा-III बांध खडामुख से देर रात छोड़ा जाएगा पानी, रावी नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना

चम्बा 20 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
चमेरा-III जल विद्युत परियोजना खडामुख के जलाशय से आज 20 जनवरी की देर रात पानी छोड़ा जाएगा। राष्ट्रीय जल विद्युत निगम (एनएचपीसी) द्वारा यह कदम 21 जनवरी से 5 फरवरी तक प्रस्तावित पूर्ण शटडाउन के मद्देनज़र उठाया जा रहा है। परियोजना प्रबंधन के अनुसार, शटडाउन अवधि के दौरान बांध के जलाशय को खाली करने की प्रक्रिया चरणबद्ध ढंग से अपनाई जाएगी।प्रबंधन से प्राप्त जानकारी के अनुसार जलाशय को खाली करने के लिए चमेरा-III बांध खडामुख के गेटों को क्रमवार तरीके से पूरी तरह खोला जाएगा। इसके चलते रावी नदी में जल का मुक्त प्रवाह रहेगा और डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में जलस्तर में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में नदी के किनारे रहने वाले लोगों और आम जनता से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चमेरा-III पावर स्टेशन द्वारा व्यापक एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं। जल छोड़े जाने से पूर्व बांध क्षेत्र में हूटरों के माध्यम से चेतावनी सायरन बजाए जाएंगे, ताकि लोगों को समय रहते सतर्क किया जा सके। इसके अतिरिक्त बांध स्थल से धरवाला तक मोबाइल वाहनों के जरिए सार्वजनिक घोषणाएं भी की जाएंगी, जिससे नदी के समीप मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए सचेत किया जा सके।परियोजना प्रबंधन ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय प्रशासन और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे इस अवधि के दौरान रावी नदी के किनारे न जाएं, मछली पकड़ने या अन्य गतिविधियों से परहेज करें और जारी की जा रही सभी चेतावनियों का पालन करें। प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए ही जल निकासी की प्रक्रिया संचालित की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की जन-धन हानि से बचा जा सके।एनएचपीसी ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन तैनात रहेंगे।