चंबा में राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, बचाव के उपायों पर दिया जोर

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चंबा द्वारा राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर नर्सिंग स्कूल, पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा के सभागार में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन ने की। इस अवसर पर शकुंतला मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज सरोल की छात्राओं तथा आशा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डेंगू रोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा इसके बचाव एवं रोकथाम संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करना था।

अपने संबोधन में डॉ. कविता महाजन ने डेंगू के लक्षणों, इसके फैलने के कारणों तथा बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि डेंगू एडीज प्रजाति के मच्छर के काटने से फैलने वाली बीमारी है, जो साफ पानी में पनपता है। इसलिए घरों और आसपास पानी जमा न होने देना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने लोगों को पूरी बाजू के कपड़े पहनने, मच्छरदानी के उपयोग तथा मच्छर रोधी दवाइयों का नियमित प्रयोग करने की सलाह दी। साथ ही कूलर, गमलों, पुराने टायरों एवं अन्य पानी एकत्रित करने वाले पात्रों की नियमित सफाई पर भी जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और समाज में भी डेंगू से बचाव का संदेश फैलाएं।

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पूरी ने इस वर्ष की थीम “कम्युनिटी पार्टिसिपेशन” पर चर्चा करते हुए बताया कि डेंगू नियंत्रण में सामुदायिक सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। “चेक, क्लीन एंड कवर” अभियान के तहत लोगों को अपने आसपास की नियमित जांच, सफाई और पानी के स्रोतों को ढककर रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।कार्यक्रम में नर्सिंग कॉलेज से कोमल वर्मा तथा स्वास्थ्य विभाग से नितेश कुमार और दीपक जोशी भी उपस्थित रहे।