पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में पराक्रम दिवस पर ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ के तहत जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का हुआ आयोजन

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में पराक्रम दिवस पर ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ के तहत जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का हुआ आयोजन

डलहौजी/ चम्बा 23 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में 23 जनवरी 2026 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती (पराक्रम दिवस) के अवसर पर ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य आयोजन किया गया। केंद्रीय विद्यालय संगठन के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ विषय पर जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ। प्रतियोगिता दो वर्गों में संपन्न करवाई गई, जिसमें प्रथम वर्ग में कक्षा 6 से 8 तथा द्वितीय वर्ग में कक्षा 9 से 12 तक के लगभग 100 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


इस प्रतियोगिता में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत के अतिरिक्त केंद्रीय विद्यालय चमेरा-1, चमेरा-2, चंबा तथा चंबा मिलेनियम पब्लिक स्कूल सहित सीबीएसई एवं राज्य बोर्ड से संबद्ध विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी सहभागिता दर्ज करवाई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, साहस, आत्मनिर्भरता तथा परीक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना रहा।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने देश की सशस्त्र सेनाओं के शौर्य, बलिदान और राष्ट्रसेवा से जुड़े प्रश्नों का पूरे आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया। कनिष्ठ वर्ग में दमनप्रीत कौर (पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत), निहारिका (केंद्रीय विद्यालय चमेरा-1) और अर्पित (केंद्रीय विद्यालय चमेरा-2) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

द्वितीय स्थान अन्वेषा (पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत), सानवी (केंद्रीय विद्यालय चमेरा-1) और लक्ष्य (केंद्रीय विद्यालय चमेरा-2) को मिला, जबकि तृतीय स्थान वंश जरयाल (चंबा मिलेनियम पब्लिक स्कूल) और पी. साईं सोमेश (केंद्रीय विद्यालय चमेरा-2) ने हासिल किया।
वरिष्ठ वर्ग में आयुष और गिरिश शर्मा (केंद्रीय विद्यालय चमेरा-2) प्रथम, सूर्यांश चौहान और यश्यस्व ठाकुर (केंद्रीय विद्यालय चमेरा-2) द्वितीय तथा कृत्यांशु (पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत) और महक (चंबा मिलेनियम पब्लिक स्कूल) तृतीय स्थान पर रहे।


कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। प्रतिभागी विद्यार्थियों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती करमजीत कौर ने अपने संबोधन में कहा कि ‘परीक्षा पे चर्चा’ विद्यार्थियों के मानसिक तनाव को कम कर परीक्षा को उत्सव के रूप में अपनाने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!