विधायक डीएस ठाकुर ने भाजपा मंडल भलेई के डुघार बूथ की बैठक में लिया भाग, VB-GRAMG के माध्यम से ग्रामीण सशक्तिकरण पर हुआ संवाद

चम्बा, 24 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
आज विधानसभा क्षेत्र डलहौजी के विधायक ने भाजपा मंडल भलेई के अंतर्गत डुघार बूथ पर आयोजित बैठक में भाग लिया। बैठक में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण एवं आमजन भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक ने उपस्थित लोगों से वीबी-ग्रामजी (VB-GRAMG) अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका सशक्तिकरण तथा किसानों और श्रमिकों के कल्याण से जुड़े विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक संवाद किया।विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि VB-GRAMG एक दूरदर्शी पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और गांवों को आत्मनिर्भर बनाना है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं को अपने ही गांव में रोजगार मिल सके। इससे न केवल पलायन पर रोक लगेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में समग्र विकास को भी गति मिलेगी।उन्होंने किसानों के संदर्भ में कहा कि VB-GRAMG के माध्यम से आधुनिक कृषि तकनीकों, बेहतर विपणन व्यवस्था और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

वहीं श्रमिकों के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।बैठक के दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने भी अपने सुझाव, समस्याएं और अनुभव साझा किए। विधायक ने सभी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर ग्राम, समृद्ध किसान और सशक्त श्रमिक के लक्ष्य को लेकर यह अभियान सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक मजबूत कदम है।इस अवसर पर भाजपा मंडल के पदाधिकारी, बूथ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और ग्रामीण विकास के प्रति सकारात्मक संदेश के साथ समाप्त हुई।