राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित, टीबी मुक्त हिमाचल के लक्ष्य पर दिया गया जोर

चंबा, 24 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चंबा द्वारा आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा के कार्यालय सभागार में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) की विशेष मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में चल रहे टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करना तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करना रहा।बैठक में सर्वप्रथम जिले में टीबी कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों का विस्तृत आकलन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप हिमाचल प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे समयबद्ध तरीके से हासिल करने के लिए सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समन्वित प्रयास करने होंगे।

उन्होंने टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान और निक्षय मित्र योजना पर विशेष रूप से चर्चा करते हुए इनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।डॉ. भारद्वाज ने जिले में प्रत्येक टीबी रोगी के उपचार परिणामों में सुधार लाने के लिए टीबी केस अधिसूचना, उपचार सफलता दर तथा अन्य प्रमुख संकेतकों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिविल अस्पताल, जिला अस्पताल तथा मेडिकल कॉलेज से टीबी के लक्षण वाले सभी मरीजों को अनिवार्य रूप से जांच के लिए भेजा जाए, ताकि समय रहते बीमारी की पहचान कर उपचार शुरू किया जा सके।उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक ब्लॉक में टीबी के मामलों की शीघ्र पहचान सुनिश्चित की जाए और सभी प्राथमिक स्वास्थ्य संस्थानों में टीबी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि मरीजों को समय पर निदान और उपचार मिल सके।

इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पूरी, खंड चिकित्सा अधिकारी, सभी खंडों के एसटीएस, एसटीएलएस, काउंसलर, फार्मेसी अधिकारी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन टीबी मुक्त जिला चंबा के संकल्प के साथ किया गया।