पूर्ण राज्यत्व दिवस पर मुख्यमंत्री ने प्रागपुर में फहराया ध्वज, कई अहम घोषणाएं

पूर्ण राज्यत्व दिवस पर मुख्यमंत्री ने प्रागपुर में फहराया ध्वज, कई अहम घोषणाएं

कांगड़ा/प्रागपुर 25 जनवरी चम्बा न्यूज एक्सप्रैस (ब्यूरो)

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के प्रागपुर में आयोजित 56वें पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। यह पहली बार था जब पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह प्रागपुर में आयोजित हुआ। परेड का नेतृत्व आईपीएस अधिकारी तरुणा ने किया, जिसमें पुलिस, आईआरबीएन, होमगार्ड, एसडीआरएफ, एनसीसी, स्काउट्स एंड गाइड्स सहित विभिन्न टुकड़ियों ने भाग लिया।


मुख्यमंत्री ने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार के योगदान को स्मरण किया। उन्होंने किसानों और बागवानों के अधिकारों की रक्षा के लिए कृषि और बागवानी आयोग के गठन की घोषणा की, जिसके लिए आगामी बजट सत्र में विधेयक लाया जाएगा। इसके साथ ही प्रागपुर में एसडीएम कार्यालय और नल्सूहा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की भी घोषणा की गई।


मुख्यमंत्री ने कहा कि जनवरी माह में 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के पेंशनभोगियों व पारिवारिक पेंशनभोगियों के बकाया का भुगतान किया जाएगा, जिस पर 90 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को ग्रेच्युटी और लीव एनकैशमेंट के बकाए का आंशिक भुगतान भी जनवरी में किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि ‘समृद्ध हिमाचल विजन’ दस्तावेज अंतिम चरण में है, जो पर्यावरण अनुकूल, आपदा प्रतिरोधी और समावेशी विकास का रोडमैप बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सरकार व्यवस्था परिवर्तन, संसाधनों की सुरक्षा, सामाजिक कल्याण, शिक्षा और स्वास्थ्य सुधारों के लिए प्रतिबद्ध है। समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!