हिमाचल के वीर सपूत मेजर अंशुल बाल्टू को शौर्य चक्र, मुख्यमंत्री ने दी हार्दिक बधाई

शिमला 26 जनवरी चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल के वीर सपूत मेजर अंशुल बाल्टू को शौर्य चक्र से सम्मानित किए जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर अंशुल बाल्टू को यह सम्मान उनके अदम्य साहस, असाधारण वीरता और अद्वितीय पराक्रम के लिए प्रदान किया गया है, जो न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।मुख्यमंत्री ने बताया कि जुब्बल उपमंडल के शुराचली क्षेत्र के घूंन्सा गांव निवासी मेजर अंशुल बाल्टू ने अपने कर्तव्य निर्वहन के दौरान जिस बहादुरी और सूझबूझ का परिचय दिया, वह भारतीय सेना की सर्वोच्च परंपराओं को दर्शाता है।

गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया जाना उनकी वीरता और समर्पण का प्रमाण है।ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीरभूमि के रूप में जाना जाता है और यहां के जवान देश की रक्षा में सदैव अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। मेजर अंशुल बाल्टू जैसे जांबाज़ सैनिक प्रदेश की इस गौरवशाली शौर्य परंपरा को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सैनिक युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और देश सेवा की भावना को और अधिक सशक्त बनाते हैं।

मुख्यमंत्री ने मेजर अंशुल बाल्टू के माता-पिता और परिवारजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि उनके संस्कारों और समर्थन के कारण ही देश को ऐसा बहादुर सपूत मिला है। उन्होंने ईश्वर से मेजर अंशुल बाल्टू के उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे आगे भी इसी तरह देश और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।
