77वें गणतंत्र दिवस पर डलहौजी विधायक ने ग्राम पंचायत जियूंता में किया ध्वजारोहण, प्राथमिक पाठशाला बैटना को लिया गोद

डलहौजी/चम्बा 26 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर विधानसभा क्षेत्र डलहौजी के माननीय विधायक ने आज ग्राम पंचायत जियूंता में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और देश के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण किया। समारोह देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा, जहां स्थानीय लोगों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्कूल के बच्चों और गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र की नींव जागरूक नागरिकों और शिक्षित समाज पर टिकी होती है।

इस अवसर पर विधायक ने एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल करते हुए ग्राम पंचायत जियूंता की प्राथमिक पाठशाला बैटना को गोद लेने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यालय को गोद लेने का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं, आधारभूत ढांचा, स्वच्छ वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना है।विधायक ने भरोसा दिलाया कि स्कूल में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, मरम्मत कार्य, शैक्षणिक सामग्री और अन्य मूलभूत जरूरतों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से भी सहयोग की अपील की ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।

समारोह के अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने देशभक्ति गीत और प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। स्थानीय लोगों ने विधायक की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक कदम बताया।
