जिला चंबा में मौसम खराब, 76 सड़कें बंद, बिजली व जल आपूर्ति प्रभावित, बहाली युद्धस्तर पर जारी

चम्बा 27 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चंबा द्वारा जारी ताज़ा स्थिति रिपोर्ट के अनुसार जिले में मौसम लगातार खराब बना हुआ है। मंगलवार सुबह 10 बजे जारी रिपोर्ट में बताया गया कि चंबा जिला के सभी उपमंडलों—चंबा, डलहौजी, तिस्सा, सलूणी, भरमौर, पांगी एवं भटियात—में आसमान पूरी तरह से बादलों से घिरा हुआ है।मौसम खराब होने के कारण लोक निर्माण विभाग (HPPWD) के अंतर्गत कुल 76 सड़कें अवरुद्ध हैं। इनमें चंबा उपमंडल में 6, डलहौजी में 1, तिस्सा में 12, सलूणी में 9, भरमौर में 5, पांगी में सबसे अधिक 42 तथा भटियात में 1 सड़क बंद है।

अभी तक किसी भी सड़क को बहाल नहीं किया जा सका है।राष्ट्रीय राजमार्गों की बात करें तो चंबा–भरमौर तथा चंबा–पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए खुले हुए हैं। हालांकि प्रमुख सड़कों में बनीखेत–डलहौजी–खज्जियार मार्ग (लक्कड़मंडी के रास्ते) और चंबा–पांगी मार्ग (साच पास) भारी बर्फबारी के चलते बंद हैं। वहीं चंबा–भटियात (जोत मार्ग) हल्के वाहनों के लिए गेट तक ही खुला है।बिजली आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के अनुसार जिले में कुल 233 डीटीआर प्रभावित हुए हैं, जिनमें से केवल 45 को बहाल किया जा सका है।

पांगी, भरमौर और तिस्सा उपमंडलों में स्थिति सबसे गंभीर बनी हुई है।इसके अलावा जल शक्ति विभाग के अंतर्गत 11 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं, जिनमें से एक भी अभी तक बहाल नहीं हो पाई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की है। जिला प्रशासन हालात पर लगातार नज़र बनाए हुए है और बहाली कार्य जारी हैं।इस बारे में अधीक्षण अभियंता दिवाकर सिंह पठानिया से बात की गई तो उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि खराब मौसम के बावजूद भी लोक निर्माण विभाग बंद पड़े रास्तों की बहाली हेतु युद्ध स्तर पर डटा हुआ है ।

अगर मौसम पूरी तरह से साथ देता है तो रास्तों की बहाली जल्द कर दी जाएगी । साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है की लोग रास्तों की बहाली हेतु विभाग का सहयोग करें ताकि रास्तों की बहाली जल्द हो सके ।