राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 को लेकर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

चम्बा 27 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज जिला सड़क सुरक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा को जनहित से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय बताते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने जन जागरूकता गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर देते हुए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जिले के सभी उपमंडल मुख्यालयों, बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर वाहन चालकों की नेत्र जांच के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षण संस्थानों में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु व्यापक अभियान चलाने के निर्देश भी दिए, ताकि युवा वर्ग को प्रारंभ से ही नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जा सके।मुकेश रेपसवाल ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में घायलों की तत्परता से सहायता करने वाले नागरिकों (राहवीरों) के नाम फर्स्ट रिपोर्ट में अनिवार्य रूप से दर्ज किए जाएं, जिससे उन्हें उचित सम्मान और पहचान मिल सके।

उन्होंने ओवरलोडिंग के दुष्परिणामों को लेकर आम जनता को जागरूक करने और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।उपायुक्त ने हिट एंड रन मामलों में पीड़ितों को कैशलेस उपचार उपलब्ध करवाने तथा प्रावधानों के अनुसार गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये और मृत्यु की स्थिति में परिजनों को दो लाख रुपये तक की सहायता राशि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले की दुर्घटना मृत्यु दर से संबंधित आंकड़ों की समीक्षा करते हुए इसमें कमी लाने के लिए ठोस और बहुस्तरीय उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।अंत में उपायुक्त ने सभी नागरिकों से हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा के पालन और यातायात नियमों का जिम्मेदारी से पालन करने की अपील की।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राम प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।