भटियात विधानसभा क्षेत्र की वार्षिक बजट प्राथमिकताओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

भटियात विधानसभा क्षेत्र की वार्षिक बजट प्राथमिकताओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

भटियात/ चम्बा 28 जनवरी मुकेश कुमार( गोल्डी)

भटियात विधानसभा क्षेत्र की वार्षिक बजट प्राथमिकताओं को लेकर आज उप-मंडल मुख्यालय चुवाड़ी स्थित पंचायत समिति सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की। बैठक में जिला एवं उप-मंडल स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बैठक के दौरान चालू वित्त वर्ष में विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त वित्तीय एवं भौतिक उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आगामी वित्त वर्ष के लिए बजट प्रस्ताव तैयार करते समय जनहित से जुड़ी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि बजट मांगों एवं लंबित देयताओं से संबंधित संक्षिप्त विवरण (ब्रीफ नोट) समय पर उपलब्ध करवाया जाए।कुलदीप सिंह पठानिया ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए भटियात क्षेत्र में किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने पर विशेष बल दिया और विभिन्न कृषि उपज के आधार पर योजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रस्तावित स्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण हेतु लोक निर्माण विभाग के माध्यम से प्राक्कलन तैयार करने को कहा।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-4 के अंतर्गत स्वीकृत सड़कों की निविदाएं शीघ्र आमंत्रित करने के निर्देश दिए। वहीं, ग्रामीण विकास विभाग को भी विभिन्न योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के लिए कहा गया।बैठक में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने जानकारी दी कि विकासात्मक परियोजनाओं से जुड़े वन अनुमति (एफसीए) मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक हेक्टेयर से कम क्षेत्रफल वाले मामलों को एफआरए के तहत अनुमोदन सूची के अनुसार प्रेषित किया जा रहा है।

बैठक में लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी परियोजनाओं की प्रगति एवं आगामी वित्त वर्ष के लिए बजट मांगों से संबंधित जानकारी साझा की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, उपमंडलाधिकारी नागरिक मनीष सोनी सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!