भारी बर्फबारी से पीडीएस वितरण प्रभावित, राज्य खाद्य आयोग ने बैकलॉग विकल्प सक्रिय करने की सिफारिश की

शिमला 29 जनवरी चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस(ब्यूरो)
प्रदेश में हाल ही में हुई भारी बर्फबारी के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य खाद्य आयोग ने स्थिति की समीक्षा के बाद पाया है कि कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने के साथ-साथ इंटरनेट कनेक्टिविटी भी प्रभावित हुई है। इसका सीधा असर सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) पर पड़ा है, जहां उचित मूल्य की दुकानों पर स्थापित पीओएस (PoS) मशीनों के संचालन में तकनीकी कठिनाइयां सामने आ रही हैं। परिणामस्वरूप अनेक स्थानों पर लाभार्थियों को समय पर राशन वितरण में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष डॉ. एस. पी. कत्याल ने स्पष्ट किया कि आयोग ने यह सुनिश्चित किया है कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों, विशेषकर जनजातीय और हिमपात प्रभावित इलाकों की उचित मूल्य दुकानों में पर्याप्त मात्रा में राशन उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि इन संवेदनशील क्षेत्रों के लाभार्थियों को मार्च माह तक का राशन अग्रिम रूप से उठाने की अनुमति पहले ही दी जा चुकी है, ताकि खराब मौसम के दौरान खाद्य सुरक्षा बनी रहे।हालांकि, कुछ ऐसे क्षेत्र भी हैं जहां सामान्य परिस्थितियों में मासिक आधार पर राशन वितरण किया जाता है। हालिया बर्फबारी के कारण इन क्षेत्रों में वितरण प्रक्रिया गंभीर रूप से बाधित हुई है।

इसे देखते हुए राज्य खाद्य आयोग ने सरकार से आग्रह किया है कि प्रभावित इलाकों में “बैकलॉग वितरण विकल्प” को तुरंत सक्रिय किया जाए, जिससे तकनीकी समस्याओं के कारण कोई भी पात्र लाभार्थी अपने वैधानिक अधिकार से वंचित न रहे।आयोग ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि वे उन क्षेत्रों की तत्काल पहचान कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जहां बिजली और कनेक्टिविटी की समस्या बनी हुई है, तथा राशन वितरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी भी साझा करें।

आयोग ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि बैकलॉग विकल्प को समयबद्ध ढंग से लागू किया जाए, ताकि आपात परिस्थितियों में भी राशन वितरण निर्बाध रूप से जारी रह सके। राज्य खाद्य आयोग ने स्पष्ट किया है कि वह स्थिति पर निरंतर नजर बनाए हुए है और खराब मौसम के दौरान भी प्रदेशवासियों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।