विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने पीएचसी सिहुन्ता को भेंट किए 8 लाख रुपये के स्वास्थ्य उपकरण

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने पीएचसी सिहुन्ता को भेंट किए 8 लाख रुपये के स्वास्थ्य उपकरण

भटियात/चम्बा 29 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिहुन्ता में अमेरीकेयर इंडिया फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संस्थान को लगभग 8 लाख रुपये मूल्य के आधुनिक स्वास्थ्य उपकरण भेंट किए। इस अवसर पर उन्होंने फाउंडेशन के इस सराहनीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि अमेरीकेयर इंडिया फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य केंद्र की आधारभूत संरचना के सुधार का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीण एवं दूरदराज़ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए आवश्यक सभी कदम धरातल पर उतारे जा रहे हैं।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा बीते तीन वर्षों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में किए गए कार्य ऐतिहासिक हैं और इनके दूरगामी परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा चिकित्सा अधिकारियों और सहायक कर्मचारियों के पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा गया है।

इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों के पदों पर नियुक्तियां प्रदान कर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।उन्होंने लोगों को 24×7 स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए कई विकासात्मक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समोट में लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से 50 बिस्तरों की क्षमता वाला अतिरिक्त भवन निर्माणाधीन है। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेल और चुहण के भवन निर्माण के लिए बजट का प्रावधान कर दिया गया है और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।

इससे पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. भारद्वाज ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया और विभाग द्वारा क्षेत्र में प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की। इस अवसर पर राज्य वन निगम के सदस्य निदेशक मंडल चेला कृष्ण चंद्र, तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. शाम लाल, अमेरीकेयर इंडिया फाउंडेशन के प्रभारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!