मिशन वात्सल्य के तहत जिला अनुमोदन समिति की बैठक आयोजित, 28 नए बच्चों को मिला सुख आश्रय योजना का लाभ

भटियात/ चम्बा 29 जनवरी मुकेश कुमार( गोल्डी)
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में सिविल कोर्ट, वन मंडल कार्यालय तथा विद्युत बोर्ड का मंडल कार्यालय खोले जाने का प्रस्ताव है। इन महत्वपूर्ण कार्यालयों के खुलने से क्षेत्रवासियों को विभिन्न आवश्यक सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। वह आज हिमालयन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी (सीसे) स्कूल चुवाड़ी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भटियात क्षेत्र में पिछले 40 वर्षों के दौरान अभूतपूर्व और क्रांतिकारी परिवर्तन हुए हैं।

शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य, विद्युत आपूर्ति, पेयजल सुविधा और अन्य आधारभूत ढांचे के विकास में कांग्रेस सरकारों का विशेष योगदान रहा है, जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र के लोगों के आर्थिक और सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं।उन्होंने कहा कि नागरिक चिकित्सालय चुवाड़ी में पिछले तीन वर्षों से चिकित्सा अधिकारियों के सभी पद भरे जा चुके हैं। इसी प्रकार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चुवाड़ी तथा सिहुंता महाविद्यालय में सभी प्राध्यापक पदों पर नियुक्तियां प्रदेश सरकार की जनहितैषी और दूरदर्शी नीति को दर्शाती हैं। उन्होंने तीन वर्ष पूर्व की स्थिति का उल्लेख करते हुए वर्तमान प्रगति को उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा ही वह ज्योति है जो मानव जीवन को प्रकाशित करती है।

उन्होंने हिमालयन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 36 वर्षों में इस विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर प्रदेश और जिले की पहचान राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी स्थापित की है। उन्होंने कहा कि लगातार 10 वर्षों से प्रदेश की मेरिट सूची में स्कूल के विद्यार्थियों का नाम आना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।इससे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया और वर्षभर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने स्कूल की सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए 41 हजार रुपये की धनराशि देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश शर्मा और प्रधानाचार्य वंदना शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष को शाल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में राज्य वन निगम के सदस्य निदेशक कृष्ण चंद चेला, विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यालय के विद्यार्थी, अभिभावक और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।