28 जनवरी से 14 अप्रैल तक चंबा में चलेगा सम्पूर्णता अभियान 2.0, स्वास्थ्य–शिक्षा–पोषण पर रहेगा विशेष फोकस

28 जनवरी से 14 अप्रैल तक चंबा में चलेगा सम्पूर्णता अभियान 2.0, स्वास्थ्य–शिक्षा–पोषण पर रहेगा विशेष फोकस

0-4608×2592-0-0-{}-0-12#

चम्बा 30 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिला में नीति आयोग के आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी खंड कार्यक्रम के तहत सम्पूर्णता अभियान 2.0 का आयोजन 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने अभियान के सफल कार्यान्वयन को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत आकांक्षी जिला चंबा के साथ-साथ आकांक्षी खंड तीसा एवं पांगी में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पोषण से जुड़े प्रमुख संकेतकों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

उपायुक्त ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि तथा पशुपालन से संबंधित चिन्हित संकेतकों को निर्धारित समयावधि में पूरा करना है। अभियान के तहत आकांक्षी खंडों में 6 तथा आकांक्षी जिले में 5 प्रमुख संकेतकों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने सभी उपमंडलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को नियमित पूरक पोषण उपलब्ध करवाया जाए, कुपोषित बच्चों की पहचान कर उपचार एवं अनुवर्ती देखभाल सुनिश्चित की जाए तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यशील शौचालय व स्वच्छ पेयजल की सुविधाएं सुदृढ़ की जाएं।

इसके साथ ही विद्यालयों में बालिकाओं के लिए पर्याप्त संख्या में कार्यशील शौचालय सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।पशुपालन क्षेत्र को लेकर उपायुक्त ने उपनिदेशक पशुपालन को निर्देश दिए कि खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव हेतु प्रत्येक खंड में टीकाकरण के लिए सूक्ष्म योजनाएं तैयार कर व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाए तथा जागरूकता शिविरों के माध्यम से जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है, जिसके तहत प्रत्येक आकांक्षी जिले को 5 लाख रुपये तथा प्रत्येक आकांक्षी खंड को 2 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।

अभियान के दौरान राष्ट्रीय विज्ञान दिवस, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस, विश्व जल दिवस, विश्व क्षय रोग दिवस तथा विश्व स्वास्थ्य दिवस पर विशेष गतिविधियां और शिविर आयोजित किए जाएंगे।उपायुक्त ने कहा कि सम्पूर्णता अभियान 2.0 के माध्यम से जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण एवं कृषि क्षेत्रों में स्थायी सुधार लाकर समग्र विकास को नई दिशा दी जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!