शहीद दिवस पर उपायुक्त कार्यालय में अमर शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

शहीद दिवस पर उपायुक्त कार्यालय में अमर शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

चम्बा 30 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

शहीद दिवस के अवसर पर आज उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय परिसर में एक सादे एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम के उपरांत उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए कहा कि शहीद दिवस हमें उन वीर सपूतों के अद्वितीय साहस, त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की रक्षा और सम्मान के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र आज जिन ऊंचाइयों पर खड़ा है, उसमें शहीदों के बलिदान की अमिट छाप है।

उपायुक्त ने कहा कि शहीदों के त्याग के कारण ही आज हम एक स्वतंत्र, सुरक्षित और लोकतांत्रिक वातावरण में जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की आने वाली पीढ़ियों के लिए शहीदों का जीवन और बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। ऐसे अवसर हमें आत्मचिंतन का अवसर प्रदान करते हैं और यह संकल्प लेने की प्रेरणा देते हैं कि हम अपने कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करें।उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से आह्वान किया कि वे शहीदों की प्रेरणा को अपने जीवन में आत्मसात करें और राष्ट्र सेवा, सामाजिक समरसता तथा देशहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं। उपायुक्त ने कहा कि सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम अपने आचरण, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति से शहीदों के सपनों का भारत साकार करने में योगदान दें।इस अवसर पर उपायुक्त कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने एक स्वर में अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!