भटियात के मेल गांव में 41 लाख की लागत से बनने वाली सड़क का भूमि पूजन, विकास कार्यों को मिली नई गति

डलहौजी/ चम्बा 30 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भटियात विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मेल में मेल गांव से निचली व परला मेल तक बनने वाली सड़क का विधिवत भूमि पूजन किया। लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 41 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही 1.25 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण से ग्राम पंचायत मेल की लगभग 500 की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।इस अवसर पर ग्राम पंचायत मेल में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल में भटियात विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा पेयजल के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में क्षेत्र में लगभग 40 ग्रामीण सड़कों का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है, जबकि 41 अन्य ग्रामीण संपर्क सड़कों के निर्माण कार्य भूमि पूजन के उपरांत प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में लगभग 125 नई ग्रामीण सड़कों की आवश्यकता है, जिन्हें सभी औपचारिकताएं पूरी कर वर्ष 2027 के अंत तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।कुलदीप सिंह पठानिया ने जानकारी दी कि पिछले तीन वर्षों में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से भटियात विधानसभा क्षेत्र में 220 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाएं शुरू की गई हैं, जबकि जल शक्ति विभाग के माध्यम से लगभग 200 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक सड़क और पेयजल योजनाओं पर कुल मिलाकर 500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च होगी।विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि आगामी बजट सत्र के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेल के भवन का शिलान्यास किया जाएगा और अगले डेढ़ वर्ष में इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेल पंचायत सहित आसपास की करीब 10 पंचायतों में जल शक्ति विभाग द्वारा 8 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं, जबकि 15 संपर्क सड़कों से जुड़े कार्य प्रगति पर हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के अंतर्गत भटियात विधानसभा क्षेत्र की 12 ग्रामीण सड़कों को केंद्र सरकार से स्वीकृति मिली है, जिन पर 103.53 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इनकी कुल लंबाई 67.22 किलोमीटर होगी। इसके अतिरिक्त, प्रस्तावित द्रमण–सिंहुता–लाहडू–जोत–चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग के स्वीकृत होने से क्षेत्र को सामरिक और आर्थिक दृष्टि से बड़ा लाभ मिलेगा।इस अवसर पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
