बट्ट आईटीआई एवं नर्सिंग कॉलेज में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

डलहौजी/ चम्बा 30 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी/ चम्बा 30 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को बट्ट आईटीआई एवं नर्सिंग कॉलेज, बोँखरी मोड़ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और सम्मान के साथ किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के प्रशिक्षुओं, अध्यापकों तथा स्टाफ सदस्यों ने भाग लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन किया।कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट का मौन रखकर की गई, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने महात्मा गांधी जी के साथ-साथ देश की आज़ादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात प्रशिक्षुओं और शिक्षकों ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने, देश की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने की शपथ ली।

इस अवसर पर संस्थान के अध्यापकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी के जीवन, विचारों और उनके द्वारा अपनाए गए सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी न केवल भारत की आज़ादी के नायक थे, बल्कि उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर एक जिम्मेदार नागरिक बनें।अध्यापकों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि आज़ादी हमें सहजता से नहीं मिली है, बल्कि इसके पीछे लाखों बलिदानों का इतिहास जुड़ा हुआ है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए सदैव देशहित को सर्वोपरि रखें और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने, सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम ने उपस्थित सभी लोगों में देशभक्ति, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।