केवल सिंह पठानिया ने सुधेड़ में बारिश से हुए नुकसान का लिया जायजा, बीमार युवक को दी 50 हजार की आर्थिक सहायता

कांगडा/धर्मशाला, 30 जनवरी चम्बा न्यूज एक्सप्रेस (ब्यूरो)
विधानसभा उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत सुधेड़ का दौरा कर हाल ही में हुई बारिश से हुए नुकसान का मौके पर जाकर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों की सहायता करना सरकार की प्राथमिकता है और प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त सड़कों, पेयजल योजनाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं की बहाली का कार्य जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने नुकसान का सही आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के भी निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान विधायक ने ग्राम पंचायत सुधेड़ निवासी बीमारी से ग्रस्त युवक शुभम को 50 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की। उन्होंने युवक और उसके परिवार से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना तथा उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि जरूरत पड़ने पर प्रशासन के माध्यम से आगे भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इस अवसर पर एसडीएम धर्मशाला मोहित रतन सहित लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, वन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विधायक को क्षेत्र में हुए नुकसान और राहत कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। विधायक ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा प्रभावित लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।ग्रामीणों ने विधायक केवल सिंह पठानिया का क्षेत्र में पहुंचकर हालात का जायजा लेने और सहायता प्रदान करने के लिए आभार जताया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रशासन के प्रयासों से जल्द ही क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी।
