लाहड़ू में 47 लाख की पुनर्निमित बहाव सिंचाई योजना का उद्घाटन, 100 परिवारों को मिलेगा लाभ

भटियात/चम्बा 31 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भटियात विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत परछोड़ के लाहड़ू गांव में 47 लाख रुपये की लागत से पुनर्निमित बहाव सिंचाई योजना लाहड़ू का विधिवत उद्घाटन किया। इस योजना के अंतर्गत 1560 मीटर लंबी विभिन्न सिंचाई कूहलों का निर्माण किया गया है, जिससे क्षेत्र के लगभग 100 परिवारों की 11.74 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। योजना के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को खेती में सीधा लाभ मिलेगा और कृषि उत्पादन में वृद्धि की उम्मीद है।लाहड़ू में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य दलगत राजनीति से ऊपर उठकर किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। वर्तमान में भटियात क्षेत्र में जल शक्ति विभाग से संबंधित 365 करोड़ रुपये की लागत की 46 विकास योजनाएं प्रगति पर हैं, जिनमें 23 पेयजल, 18 सिंचाई, तीन बाढ़ नियंत्रण और दो सीवरेज योजनाएं शामिल हैं।उन्होंने बताया कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में 71 सिंचाई योजनाओं के माध्यम से 2642 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके साथ ही जल शक्ति मंडल चुवाड़ी द्वारा लगभग 500 करोड़ रुपये की नई विकास योजनाओं के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं, जिन्हें स्वीकृति मिलने के बाद शीघ्र लागू किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि चुवाड़ी में निर्माणाधीन सीवरेज योजना मार्च तक पूर्ण कर ली जाएगी, जबकि सिंहुता में प्रस्तावित सीवरेज योजना की टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। समोट और ककीरा में सीवरेज प्रणाली के लिए डीपीआर तैयार कर स्वीकृति हेतु भेजी गई हैं।विधानसभा अध्यक्ष ने ग्राम पंचायत की सभी मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन देते हुए लाहड़ू में रामलीला मंच पर शैड निर्माण के लिए आवश्यक राशि देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि भटियात क्षेत्र प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील है, इसलिए विकास कार्यों में पर्यावरण संतुलन का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

इससे पूर्व लाहड़ू पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधानसभा अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में कई विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित