ग्राम पंचायत डांड के चकोतरा में एकल अभियान के आचार्य वार्षिक अभ्यास वर्ग का शुभारंभ

ग्राम पंचायत डांड के चकोतरा में एकल अभियान के आचार्य वार्षिक अभ्यास वर्ग का शुभारंभ

सलूणी/ चम्बा 31 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौजी विधानसभा क्षेत्र की विधायक डी.एस. ठाकुर ने ग्राम पंचायत डांड स्थित चकोतरा में एकल अभियान के अंचल भंजराडू द्वारा आयोजित पांच दिवसीय आचार्य वार्षिक अभ्यास वर्ग के उद्घाटन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों, आचार्यों, स्वयंसेवकों तथा एकल अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए विधायक डी.एस. ठाकुर ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति की आधारशिला होती है।

विद्यालय न केवल बच्चों को शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करते हैं, बल्कि उनमें संस्कार, शिष्टाचार, अनुशासन और आपसी भाईचारे की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि एकल विद्यालय समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगा रहे हैं।विधायक ने एकल अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ‘एकल विद्यालय’ वास्तव में एक शिक्षक वाले विद्यालय हैं, जो विगत कई वर्षों से उन ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में संचालित किए जा रहे हैं, जहां औपचारिक शिक्षा के संसाधन सीमित हैं। इन विद्यालयों के माध्यम से बच्चों को प्राथमिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता की जानकारी भी दी जाती है।

उन्होंने बताया कि एकल अभियान के अंतर्गत देशभर में अब तक 2.8 मिलियन से अधिक ग्रामीण और जनजातीय बच्चे लाभान्वित हो चुके हैं, जो इस अभियान की व्यापकता और प्रभावशीलता को दर्शाता है। विधायक ने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास वर्ग आचार्यों के ज्ञान, शिक्षण कौशल और कार्यक्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम के दौरान आचार्य वार्षिक अभ्यास वर्ग की रूपरेखा पर भी प्रकाश डाला गया, जिसमें शिक्षण पद्धतियों, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। अंत में विधायक डी.एस. ठाकुर ने एकल अभियान से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं को समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संदेश दिया और आयोजन की सफलता की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!