चंबा जिले में खराब मौसम के चलते कई सड़कें बंद, बिजली-पानी आपूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित

चंबा जिले में खराब मौसम के चलते कई सड़कें बंद, बिजली-पानी आपूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित

चम्बा 01 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, उपायुक्त कार्यालय चंबा द्वारा आज सायं 4:00 बजे मौसम एवं आवश्यक सेवाओं की स्थिति को लेकर ताज़ा रिपोर्ट जारी की गई। रिपोर्ट के अनुसार जिले के अधिकांश उपमंडलों में हल्की बारिश दर्ज की गई है, जबकि पांगी क्षेत्र में मौसम बादलों से घिरा हुआ है।मौसम स्थिति के तहत चंबा, डलहौजी, तीसा, सलूणी, भरमौर और भटियात उपमंडलों में हल्की बारिश हो रही है। सड़क स्थिति की बात करें तो लोक निर्माण विभाग (HPPWD) के अंतर्गत कुल 33 सड़कें अवरुद्ध पाई गईं, जिनमें से 4 सड़कों को बहाल कर दिया गया है, जबकि 29 सड़कें अभी भी बंद हैं। पांगी उपमंडल में सर्वाधिक 22 सड़कें बंद हैं, वहीं भरमौर में 3 और सलूणी में 2 सड़कें अभी बहाली की प्रतीक्षा में हैं।राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति फिलहाल सामान्य है। चंबा–भरमौर और चंबा–पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए खुले हुए हैं। हालांकि प्रमुख सड़कों में डलहौजी–खज्जियार (लक्कड़मंडी मार्ग) तथा चंबा–पांगी (साच पास के माध्यम से) मार्ग बर्फबारी के कारण बंद हैं।

विद्युत आपूर्ति की स्थिति में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के अंतर्गत कुल 32 ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए थे, जिनमें से 17 को बहाल कर दिया गया है। अभी 15 ट्रांसफार्मर बहाल किए जाने शेष हैं, जिनमें भरमौर और तीसा उपमंडल सबसे अधिक प्रभावित हैं।जल शक्ति विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 10 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं, जिनमें तीसा में 6 और भरमौर में 4 योजनाएं शामिल हैं। फिलहाल इन योजनाओं की बहाली का कार्य प्रगति पर है।जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन नंबर 1077 या 01899-226950 पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!