विधायक डी.एस. ठाकुर ने ग्राम पंचायत ख़रल के लोहानी गांव में बीमार युवक से की मुलाकात, त्वरित आर्थिक सहायता के निर्देश

विधायक डी.एस. ठाकुर ने ग्राम पंचायत ख़रल के लोहानी गांव में बीमार युवक से की मुलाकात, त्वरित आर्थिक सहायता के निर्देश

सलूणी/ चम्बा 01 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

विधानसभा क्षेत्र डलहौजी के विधायक डी.एस. ठाकुर ने ग्राम पंचायत ख़रल के अंतर्गत गांव लोहानी में बीमार 25 वर्षीय युवक विकास पुत्र ज्ञानचंद से भेंट कर उसकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। विकास की गंभीर बीमारी और परिवार की आर्थिक स्थिति को देखकर विधायक ने गहरी चिंता व्यक्त की और प्रशासन को तत्काल सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।विधायक डी.एस. ठाकुर ने मौके पर ही उपमंडल अधिकारी (ना.) सलूणी को निर्देश दिए कि विकास को अति शीघ्र उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि उसके इलाज में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि बीमारी के समय गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी सहायता समय पर मिलना अत्यंत आवश्यक है।निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि विकास की केवाईसी (KYC) प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो पाई है, जिसके कारण उसे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में बाधा आ रही है।

इस पर विधायक ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि केवाईसी में जो भी तकनीकी या दस्तावेजी कमी है, उसे तुरंत दूर किया जाए। इसके लिए एक प्रशासनिक टीम को शीघ्र ही विकास के घर भेजने के आदेश दिए गए, ताकि सभी औपचारिकताएं मौके पर ही पूरी की जा सकें।विधायक डी.एस. ठाकुर ने कहा कि समाज और सरकार का दायित्व है कि ऐसे परिवारों की हर संभव मानवीय सहायता की जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास और उसके परिवार को किसी भी स्तर पर अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और प्रशासन लगातार उनकी मदद के लिए तत्पर रहेगा।इस अवसर पर सलूणी भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन ठाकुर, प्रहलाद भक्त शर्मा सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। सभी ने विकास के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और परिवार को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!