12 फरवरी को आंगनबाड़ी वर्कर–हेल्पर की प्रदेशव्यापी हड़ताल, चार लेबर कोड का विरोध तेज

12 फरवरी को आंगनबाड़ी वर्कर–हेल्पर की प्रदेशव्यापी हड़ताल, चार लेबर कोड का विरोध तेज

चंबा 02 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर यूनियन की जिला कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक यूनियन अध्यक्ष सरोज की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला महासचिव सीटू सुदेश ठाकुर, जिला अध्यक्ष नरेंद्र, आंगनबाड़ी जिला उपाध्यक्ष चम्पा, सचिव मीना कुमारी, वित्त सचिव रजनी शर्मा सहित आशा, बबली, बबिता, अंजू, तृप्ता व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी कर्मियों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा करना और आगामी आंदोलन की रणनीति तय करना रहा।बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र सरकार की मजदूर-विरोधी नीतियों की कड़ी आलोचना की। विशेष रूप से चार लेबर कोड—वेतन संहिता, औद्योगिक संबंध संहिता, सामाजिक सुरक्षा संहिता तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता—को आंगनबाड़ी कर्मियों के अधिकारों पर सीधा हमला बताया गया।

वक्ताओं ने कहा कि इन कोड्स के लागू होने से श्रमिकों की सुरक्षा, सामाजिक लाभ और रोजगार की स्थिरता कमजोर हो रही है, जिसका सीधा असर आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर पर पड़ रहा है।बैठक में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का हवाला देते हुए आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर को ग्रैच्युटी का लाभ तत्काल देने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही हरियाणा की तर्ज पर सम्मानजनक वेतन देने, मानदेय में बढ़ोतरी करने, पोषण ट्रैकर से जुड़ी समस्याओं के समाधान तथा अन्य लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर 12 फरवरी को प्रदेशभर में हड़ताल पर रहेंगे। यूनियन नेताओं ने कहा कि यह हड़ताल अपने अधिकारों की रक्षा और सम्मानजनक जीवन के लिए निर्णायक कदम होगी। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कर्मियों से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!