चम्बा में यातायात सुधार की अनूठी पहल, एनएसएस स्वयंसेवी पुलिस के साथ संभालेंगे ट्रैफिक व्यवस्था

चम्बा में यातायात सुधार की अनूठी पहल, एनएसएस स्वयंसेवी पुलिस के साथ संभालेंगे ट्रैफिक व्यवस्था

चम्बा 04 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला मुख्यालय चम्बा में लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव और यातायात नियमों के उल्लंघन की समस्या से निपटने के लिए चम्बा पुलिस ने एक सराहनीय और अनूठी पहल शुरू की है। इस पहल के तहत अब शहर की सड़कों पर ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ राजकीय महाविद्यालय चम्बा के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवी भी यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में सहयोग करते नजर आएंगे।चम्बा ट्रैफिक पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष यातायात जागरूकता अभियान के अंतर्गत कुल 11 एनएसएस स्वयंसेवियों को चयनित कर उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत इन स्वयंसेवियों को शहर के विभिन्न व्यस्त और संवेदनशील चौराहों एवं प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया है। यह सभी स्वयंसेवी ट्रैफिक पुलिस की सीधी निगरानी और मार्गदर्शन में अपनी सेवाएं देंगे।पुलिस विभाग की ओर से इन स्वयंसेवियों को विशेष पहचान पत्र और निर्धारित यूनिफॉर्म भी उपलब्ध करवाई गई है, ताकि आम जनता उन्हें आसानी से पहचान सके। यह युवा स्वयंसेवी न केवल यातायात को नियंत्रित करने में पुलिस का सहयोग करेंगे, बल्कि वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक भी करेंगे। खास बात यह है कि स्वयंसेवी अपनी पढ़ाई को प्रभावित किए बिना, बारी-बारी से समय निकालकर यह सेवा देंगे।इस पहल को लेकर स्वयंसेवियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्वयंसेवियों का कहना है कि उन्हें खाकी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर समाज सेवा करने का अवसर मिलना गर्व की बात है।इस संबंध में पुलिस अधीक्षक चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि युवाओं को यातायात नियमों का प्रशिक्षण देने का मुख्य उद्देश्य भविष्य के लिए जिम्मेदार नागरिक तैयार करना और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में स्थायी सुधार लाना है। पुलिस और युवाओं की यह साझेदारी चम्बा के लिए एक सकारात्मक उदाहरण बनकर उभर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!