हिमाचल में 108/102 एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल का आह्वान, 12 से 17 फरवरी तक आपातकालीन सेवाएं प्रभावित रहने की आशंका

हिमाचल प्रदेश में 108/102 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाया है। हिमाचल प्रदेश 108/102 एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन (CITU) ने 12 फरवरी 2026 सुबह 8 बजे से 17 फरवरी 2026 सुबह 8 बजे तक हड़ताल का आह्वान किया है। यूनियन का कहना है कि यदि इस अवधि के दौरान उनकी मांगों पर सरकार द्वारा कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रदेशभर में आपातकालीन एंबुलेंस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं, जिसका सीधा असर आम जनता की स्वास्थ्य सुविधाओं पर पड़ेगा।कर्मचारियों का आरोप है कि वे लंबे समय से न्यूनतम वेतन, कार्य घंटों और सामाजिक सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।

यूनियन की प्रमुख मांगों में माननीय हाईकोर्ट, सीजेएम कोर्ट व लेबर कोर्ट द्वारा पारित न्यूनतम वेतन को तत्काल प्रभाव से लागू करना, 12 घंटे कार्य करने पर दोगुना भुगतान, ईएसआई और मेडिक्लेम फाउंडेशन के एरियर का भुगतान तथा सभी प्रकार के श्रम कानूनों को सख्ती से लागू करना शामिल है।इसके अतिरिक्त कर्मचारियों ने वेतन में प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत वृद्धि, ग्रेच्युटी, भविष्य निधि व छुट्टियों जैसी मूलभूत सुविधाओं का प्रावधान, मानसिक प्रताड़ना और शोषण पर रोक, ठेका प्रथा समाप्त कर स्थायी नीति बनाने, अनावश्यक तबादला आदेश रद्द करने तथा निकाले गए कर्मचारियों को तुरंत बहाल करने की मांग भी उठाई है। यूनियन ने चार लेबर कोर्ट को निरस्त किए जाने की मांग भी सरकार के समक्ष रखी है।कर्मचारियों ने सरकार और जनता से अपील की है कि एंबुलेंस सेवाएं तभी सुचारू रूप से चल सकती हैं जब कर्मचारियों के मानदेय और कार्य परिस्थितियों में सुधार किया जाए। यूनियन का कहना है कि हड़ताल का उद्देश्य जनता को असुविधा पहुंचाना नहीं, बल्कि कर्मचारियों के भविष्य और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुरक्षित करना है।