15वें वित्त आयोग की योजनाओं की प्रगति पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की समीक्षा, लंबित कार्यों पर सख्त निर्देश

15वें वित्त आयोग की योजनाओं की प्रगति पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की समीक्षा, लंबित कार्यों पर सख्त निर्देश

चम्बा 05 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिले में ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में खंड विकास अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने 15वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अब तक शुरू न हो पाने वाले कार्यों तथा अनुपयोगी पड़े बजट की विस्तृत सूची शीघ्र उपलब्ध करवाई जाए, ताकि संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।उपायुक्त ने ग्राम पंचायतों की वर्तमान कार्यप्रणाली पर गहन चर्चा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि नए कार्यों के लिए मस्टररोल जारी न किए जाएं। उन्होंने कहा कि पहले से स्वीकृत कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पूर्ण किए गए कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर प्रेषित किए जाएं।

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत विशेष प्रोजेक्ट वर्ष 2025-26 की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सिस्टम द्वारा अस्वीकृत आवास मामलों की पुनः सत्यापन प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्ष 2024-25 में स्वीकृत और पूर्ण हो चुके आवासों की जियो टैगिंग प्रक्रिया को भी जल्द पूरा करने को कहा।बैठक में जिला के 105 स्कूलों में बाला (BALA) फीचर निर्माण से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित सहायक व कनिष्ठ अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे 9 फरवरी तक इन कार्यों की प्रेजेंटेशन उपलब्ध करवाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बाला फीचर तैयार करने से पहले विद्यालयों की आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित की जाए।इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने ग्राम पंचायत स्तर पर ई-परिवार योजना की पूर्ण सैचुरेशन सुनिश्चित करने, बीपीएल सर्वे, महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम तथा निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व योजना के अंतर्गत विद्यालय एवं आंगनबाड़ी भवन निर्माण से जुड़े मामलों की भी विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, जिला कार्यक्रम अधिकारी (योजना) जीवन कुमार, जिला पंचायत अधिकारी तिलक राज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!