राजकीय प्राथमिक पाठशाला संडूह में चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा बाल अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

चम्बा 05 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा द्वारा चंबा उपमंडल की राजकीय प्राथमिक पाठशाला संडूह में बच्चों व अध्यापकों के लिए एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की मुख्याध्यापिका अमिता देवी ने की। इस अवसर पर चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा के सुपरवाइजर विक्की जरयाल एवं पंकज कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि 1098 एक आपातकालीन सेवा है, जिसके माध्यम से संकट में फंसे बच्चे तुरंत सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

इसके उपरांत बच्चों को उनके बाल अधिकारों के बारे में विस्तार से अवगत करवाया गया, जिसमें बाल विवाह, बाल मजदूरी, नशे की बुराई, बाल तस्करी, बाल भिक्षावृत्ति, बाल यौन शोषण, घरेलू हिंसा, बाल दुर्व्यवहार, मानसिक प्रताड़ना तथा शारीरिक दंड जैसे गंभीर विषय शामिल रहे।इसके साथ ही दिव्यांग, अनाथ एवं अर्ध-अनाथ बच्चों के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। स्कूल छोड़ चुके बच्चों को परामर्श सेवाओं के माध्यम से मुख्यधारा में जोड़ने के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला गया। बच्चों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या शोषण की स्थिति में वे बिना डर 1098 पर संपर्क कर सकते हैं।कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने की सलाह दी गई तथा बहलाने-फुसलाने और ब्लैकमेल करने वाले लोगों से दूर रहने के लिए सचेत किया गया।

विशेष रूप से छात्राओं को अनजान लोगों से मेल-जोल न बढ़ाने और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, पीछा करने, अभद्र टिप्पणियों या मोबाइल पर आपत्तिजनक सामग्री दिखाने जैसी घटनाओं की तुरंत सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।इसके अतिरिक्त बच्चों को पोषण, अनुशासन के महत्व एवं जीवन में लक्ष्य निर्धारण से संबंधित उपयोगी जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में मुख्याध्यापिका अमिता देवी ने चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे बच्चों, अभिभावकों एवं अध्यापकों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम में जेबीटी अध्यापक हेम सिंह सहित विद्यालय के सभी बच्चों ने सक्रिय सहभागिता की।