राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेल के विद्यार्थियों का बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग व बट्ट आईटीआई का शैक्षणिक भ्रमण

डलहौजी/चंबा 10 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
शिक्षा खंड बनीखेत के अंतर्गत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेल के वोकेशनल विषय के विद्यार्थियों ने मंगलवार को बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं बट्ट आईटीआई, बोंखरीमोड़ का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी देना तथा उन्हें करियर चयन के लिए प्रेरित करना रहा। भ्रमण के दौरान विद्यालय के अध्यापक भी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे।इस अवसर पर बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने विद्यार्थियों का स्वागत किया और संस्थान में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नर्सिंग कॉलेज के स्टाफ द्वारा विद्यार्थियों को बीएससी नर्सिंग एवं जीएनएम जैसे प्रमुख पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को नर्सिंग क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं, प्रशिक्षण प्रक्रिया तथा भविष्य में उपलब्ध अवसरों के बारे में भी अवगत कराया गया।वहीं बट्ट आईटीआई के स्टाफ ने विद्यार्थियों को संस्थान में संचालित इलेक्ट्रिशियन, फिटर, मैकेनिक मोटर व्हीकल, सर्वेयर एवं कोपा (सीओपीए) जैसे विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने आईटीआई एवं नर्सिंग कॉलेज की विभिन्न प्रयोगशालाओं का भी अवलोकन किया, जहां उन्हें आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षण की व्यावहारिक प्रक्रिया से परिचित कराया गया।विद्यालय के अध्यापकों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के भ्रमण से विद्यार्थियों को अपने रुचि और क्षमता के अनुसार सही करियर चुनने में सहायता मिलती है। अंत में संस्थान प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं तथा भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण आयोजित करने की बात कही