चिट्टा तस्करी पर शिमला पुलिस का बड़ा प्रहार, पंजाब से दो मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

चिट्टा तस्करी पर शिमला पुलिस का बड़ा प्रहार, पंजाब से दो मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

नेपाल भागने की फिराक में था ननखड़ी का बलबीर उर्फ फौजी, अमृतसर से दबोचा; लुधियाना से दूसरा सप्लायर भी गिरफ्तार

शिमला 08 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश में चिट्टा तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शिमला पुलिस ने नशे के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाब में दबिश देकर दो मुख्य नशा सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। इनमें शिमला जिले के ननखड़ी क्षेत्र का बलबीर सिंह उर्फ फौजी और लुधियाना निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरा उर्फ गोपी शामिल हैं। दोनों आरोपियों को पांच नवंबर को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार, पहले मामले में 27 अक्तूबर को शोगी बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान एक टैक्सी की तलाशी ली गई थी। इस दौरान अमृतसर निवासी रेशम सिंह के कब्जे से 257 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

जांच में सामने आया कि नशे की यह खेप ननखड़ी निवासी बलबीर सिंह उर्फ फौजी को पहुंचाई जानी थी। इसके बाद पुलिस ने मुख्य सप्लायर की तलाश शुरू की। आरोपी लगातार मोबाइल नंबर और ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। यहां तक कि वह नेपाल भागने की फिराक में भी था, लेकिन पुलिस टीम ने उसे अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के चार और आबकारी अधिनियम के दो मामले दर्ज हैं।वहीं, दूसरे मामले में 27 सितंबर को गुम्मा में तीन आरोपियों से करीब 50 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। पूछताछ और जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने यह नशा लुधियाना निवासी गुरप्रीत सिंह से खरीदा था।

पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए उसे लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पंजाब में एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं, जिनमें 2 किलो 415 ग्राम और 230 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था।बता दें कि शिमला पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 94 मुख्य नशा सप्लायर गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि वर्ष 2025 में आठ और वर्ष 2024 में 15 मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा चालू वर्ष में 69 बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है।पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि नशा तस्करी के खिलाफ अब केवल छोटे स्तर के आरोपियों तक सीमित न रहकर सप्लाई चेन के मुख्य सरगनाओं पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!