नूरपुर पुलिस को नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता, 1.546 किलोग्राम चरस सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

कांगडा 11 फरवरी चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला पुलिस नूरपुर द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीते कल गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर साँझा पीर के समीप एक सफेद रंग की पिकअप गाड़ी को जांच के लिए रोका। वाहन का पंजीकरण नंबर HP-73A-5072 है।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान उक्त पिकअप गाड़ी से 1.546 किलोग्राम चरस तथा 15 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 34 वर्षीय ध्यान सिंह निवासी जिला चंबा, 23 वर्षीय प्रथम उर्फ राहुल निवासी जिला कांगड़ा तथा 22 वर्षीय अमन उर्फ मंगु निवासी जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।

इस संबंध में थाना डमटाल में आरोपियों के विरुद्ध मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ अधिनियम (ND&PS Act) की धारा 20, 25 एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, तस्करी में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी नंबर HP-73A-5072 को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पूरे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने की है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि नशे के खिलाफ छेड़ा गया यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा तथा सरकार द्वारा निर्धारित इनाम राशि से उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है, ताकि समाज को इस गंभीर समस्या से मुक्त किया जा सके।