कल 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल को चम्बा में मिलेगा व्यापक समर्थन, सैकड़ों मजदूर लेंगे भाग

कल 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल को चम्बा में मिलेगा व्यापक समर्थन, सैकड़ों मजदूर लेंगे भाग

चम्बा 11 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

12 फरवरी को प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल को जिला चम्बा में व्यापक समर्थन मिलने जा रहा है। सीटू जिला कमेटी चम्बा की ओर से प्रेस को जारी बयान में बताया गया है कि इस हड़ताल में जिले के सैकड़ों मजदूर सक्रिय रूप से भाग लेंगे। यह हड़ताल केंद्र एवं राज्य सरकार की जनविरोधी, मजदूर-विरोधी और कर्मचारी-विरोधी नीतियों के विरोध में आयोजित की जा रही है।सीटू जिला कमेटी के अनुसार लगातार बढ़ती महंगाई, न्यूनतम वेतन की अनदेखी, नियमितीकरण की मांगों की उपेक्षा तथा ठेका प्रथा के बढ़ते विस्तार ने मजदूर वर्ग की समस्याओं को और गंभीर बना दिया है। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा के अभाव और श्रम कानूनों को कमजोर करने वाली नीतियों के कारण श्रमिकों में भारी असंतोष व्याप्त है।हड़ताल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, मिड डे मील वर्कर, एनएचपीसी के ठेका मजदूर, मनरेगा मजदूर, निर्माण मजदूर, ठेका एवं आउटसोर्स कर्मचारी सहित विभिन्न विभागों से जुड़े कामगार शामिल होंगे।

सीटू का कहना है कि ये सभी वर्ग लंबे समय से अपने अधिकारों और सम्मानजनक जीवन की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकारें उनकी आवाज को अनसुना कर रही हैं।सीटू जिला कमेटी चम्बा ने मजदूरों की प्रमुख मांगों को भी स्पष्ट किया है। इनमें ठेका प्रथा को समाप्त कर स्थायी रोजगार उपलब्ध कराना, सभी स्कीम वर्करों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देना, न्यूनतम वेतन में वृद्धि कर समान काम के लिए समान वेतन लागू करना प्रमुख हैं। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, ईपीएफ और ईएसआई की गारंटी सुनिश्चित करने तथा चारों श्रम संहिताओं (लेबर कोड) को वापस लेने की मांग भी शामिल है।सीटू जिला कमेटी ने जिले के सभी मजदूरों, कर्मचारियों और श्रमिक संगठनों से अपील की है कि वे 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाएं। कमेटी ने स्पष्ट किया कि मजदूर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करते रहेंगे और किसी भी कीमत पर अपने हक से पीछे नहीं हटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!