रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण से बालिकाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का विकास: कुलदीप सिंह पठानिया

भटीयात/चंबा 12 फरवरी मुकेश कुमार ( गोल्डी)
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास, साहस और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिवेश में प्रत्येक बालिका को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सक्षम रूप से सामना करने के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है।विधानसभा अध्यक्ष आज समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत शस्त्रांग इंडियन मॉडर्न मार्शल आर्ट (सिम्मा) के सौजन्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ककीरा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर उन्होंने वर्ष 2025-26 के दौरान मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी बालिका विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया।अपने संबोधन में कुलदीप सिंह पठानिया ने विधानसभा क्षेत्र में जारी विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि जल शक्ति मंडल चुवाड़ी के अंतर्गत 350 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं में से अब तक लगभग 150 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं।

दूरदराज के टेल एंड गांवों में सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 125 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है, जिसमें प्रथम चरण में 45 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत ककीरा कस्बा, ककीरा जरेई, तारागढ़, गडाना, चलामा, होबार, खडेडा और कुढी में विभिन्न योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं।

इन पंचायतों में 86 करोड़ रुपये की लागत से 87 परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। वहीं ककीरा तथा तारागढ़-डंगोरी पेयजल योजनाओं पर 47 करोड़ 50 लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त मल निकासी योजना बकलोह कैंट तथा आपदा प्रभावित क्षेत्रों सलोरका, कमलाड़ी, घटासनी, अपर मामुल, बस स्टैंड ककीरा और बाई का बाग में भूमि संरक्षण कार्यों के लिए 12 करोड़ 29 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।सड़क निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तावित 12 संपर्क मार्गों में से 5 सड़कों के एफआरए मामले स्वीकृत हो चुके हैं और 7 सड़कों का सर्वे पूर्ण कर लिया गया है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मार्शल आर्ट का प्रदर्शन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यालय की गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए 21 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
