डलहौजी में पंजाब से आए पर्यटक की तबीयत बिगड़ी, चम्बा रेफर के दौरान मौत

डलहौजी में पंजाब से आए पर्यटक की तबीयत बिगड़ी, चम्बा रेफर के दौरान मौत

डलहौजी/चंबा 13 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चम्बा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डलहौजी में पंजाब से आए एक पर्यटक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत का दुखद मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बलविंदर सिंह (पुत्र बलवीर सिंह), निवासी गांव छलेरी कलां, जिला फतेहगढ़ साहिब, पंजाब के रूप में हुई है। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतक के गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बलविंदर सिंह बुधवार को अपने दोस्तों के साथ डलहौजी घूमने पहुंचे थे।बीते कल गुरुवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल नागरिक अस्पताल डलहौजी ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उन्हें आगे उपचार के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।


बताया जा रहा है कि चम्बा ले जाते समय रास्ते में ही उनकी स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई। दुर्भाग्यवश मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस थाना डलहौजी में मामला दर्ज कर लिया गया है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।


मामले की पुष्टि विजय कुमार सकलानी, पुलिस अधीक्षक चम्बा ने की है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य औपचारिकताओं के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पर्यटन स्थल पर हुई इस दुखद घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और किसी भी प्रकार की अस्वस्थता होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!