भटियात को मिलेगी स्किल यूनिवर्सिटी, युवाओं के लिए खुलेंगे नए अवसर :- कुलदीप सिंह पठानिया

भटियात को मिलेगी स्किल यूनिवर्सिटी, युवाओं के लिए खुलेंगे नए अवसर :- कुलदीप सिंह पठानिया

भटियात/ चम्बा 14 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

भटियात विधानसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रस्तावित स्किल यूनिवर्सिटी की स्थापना को राज्य सरकार से मंजूरी मिल गई है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में लेटर ऑफ इंटेंट भी जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस महत्त्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थान की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी, जिससे कौशल विकास को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

विधानसभा अध्यक्ष चुवाड़ी स्थित राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह ‘एक्सीलेंसिया–2025: सेलिब्रेटिंग द अचीवर्स ऑफ टुमॉरो’ में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। अपने संबोधन में उन्होंने भटियात विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि स्किल यूनिवर्सिटी की स्वीकृति युवा वर्ग से किए गए वादे को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे आधुनिक तकनीकी, औद्योगिक और व्यावसायिक प्रशिक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर बढ़ेंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि स्किल यूनिवर्सिटी की स्थापना से भटियात क्षेत्र शिक्षा हब के रूप में विकसित होगा और प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए एक मॉडल बनेगा। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में सिविल कोर्ट और वन मंडल कार्यालय खोले जाने का प्रस्ताव भी साझा किया, जिससे स्थानीय लोगों को आवश्यक सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।कुलदीप सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षा समाज को सशक्त बनाने का आधार है।

उन्होंने राज्य सरकार द्वारा 100 से अधिक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध करने के निर्णय को ऐतिहासिक बताया, जिससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में बेहतर अवसर मिलेंगे।कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया और मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने विद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 31 हजार रुपये की धनराशि देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर अनेक प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!