गांव काथला में महिला मंडल काली माता की बैठक, नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज करने का निर्णय

गांव काथला में महिला मंडल काली माता की बैठक, नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज करने का निर्णय

भटियात/ चम्बा 14 फरवरी मुकेश कुमार( गोल्डी)

गांव काथला में बीते कल महिला मंडल काली माता की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र में बढ़ते नशे के गंभीर दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा समाज को इस सामाजिक बुराई के प्रति जागरूक करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।बैठक में लगभग 25 महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। महिला मंडल की प्रधान कुंती देवी, कोषाध्यक्ष मीरा देवी सहित अन्य सदस्यों ने बैठक में अपने विचार रखे। सदस्यों ने एक स्वर में माना कि नशा आज समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरा है और इसके खिलाफ संगठित प्रयास समय की मांग है।गंभीर चर्चा के उपरांत महिला मंडल ने यह निर्णय लिया कि आने वाले समय में गांव और आसपास के क्षेत्रों में नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। महिला मंडल ने संकल्प लिया कि वे इस समस्या के विरुद्ध एक चुनौती के रूप में संघर्ष करेंगी और समाज को नशे से मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखेंगी।

साथ ही यह भी तय किया गया कि नशे के खिलाफ प्रशासन द्वारा उठाए जाने वाले कदमों का महिला मंडल पूर्ण समर्थन करेगा तथा किसी भी प्रकार की सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए सदैव तत्पर रहेगा।बैठक में उपस्थित युवा नेताओं ने भी महिलाओं के इस प्रयास की सराहना की और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि यदि समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाएं और युवा, एकजुट होकर आगे आएं तो नशे जैसी बुराइयों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में इस बात पर विशेष जोर दिया कि नशे की समस्या ने युवा पीढ़ी को बर्बादी की ओर धकेल दिया है। यदि समय रहते इसके खिलाफ गंभीर कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महिला मंडल काली माता लंबे समय से नशे के खिलाफ सराहनीय कार्य कर रहा है, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!